home page

मुठभेड़ में अंतर-जनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार

 | 
मुठभेड़ में अंतर-जनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार


लखीमपुर खीरी, 23 मई (हि.स.)। मितौली थाना पुलिस ने शनिवार सुबह विभिन्न लूट व चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक अंतर-जनपदीय शातिर चोर गिरोह के वांछित अभियुक्त, उसके दो अन्य साथियों के साथ एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि सूचना के आधार मितौली पुलिस टीम जब दतेली-अबगांवा के बीच नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी वहां से गुजर रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान सीतापुर निवासी सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने घेराबंदी करके घायल सूरज के साथ-साथ कार में सवार उसके दो अन्य साथी शाहजहांपुर निवासी अबरार और सीतापुर निवासी अशोक कुमार उर्फ अशोक यादव को मौके से दबोच लिया। घायल अभियुक्त सूरज को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने एक अदद अवैध 12 बोर की बंदूक, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार (यूपी 32 डीबी 0084) बरामद की है। इसके अलावा अभियुक्तों के पास से मितौली थाने में दर्ज पूर्व के दो मुकदमों से संबंधित चोरी के 18 हजार रुपये नकद, पीली धातु के दो बटुए, एक कटोरा तथा एक बड़े गट्ठर में बंधी 24 साड़ियां, दो ब्लाउज, दो शर्ट, एक दुपट्टा और नायलॉन की रस्सी बरामद हुई है।

पूछताछ में सामने आया है कि इस गिरोह ने खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर सहित कई अन्य जनपदों में चोरी, नकबजनी और भैंस चोरी जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अशोक यादव एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न जिलों में गैंगस्टर एक्ट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित करीब 15 गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि अबरार पर 5 और सूरज पर 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव