home page

लखनऊ में टप्पेबाज गिरोह की सरगना समेत तीन गिरफ्तार

 | 
लखनऊ में टप्पेबाज गिरोह की सरगना समेत तीन गिरफ्तार


लखनऊ, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में शनिवार को टप्पेबाज गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह लोग आटो या टैंपों में बैठकर यात्रियों को अपना शिकार बनाते हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कई टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा किया है।

अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापलली बसंथ कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि टप्पेबाज गिरोह की सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान गोरखपुर के गांव डवरपार भस्मा मौजा देविरया निवासी बिन्दु उर्फ चिंकी, गोरखपुर की गीता देवी और इसी जनपद के संग्रामपुर निवासी नरसिंह के रुप में हुई हैं। नरसिंह और चिंकी रिश्ते में दामाद और सास लगते हैं।

पूछताछ में आरोपित बिंदु उर्फ चिंकी ने स्वीकारा कि वह अपने गिरोह की सरगना है। वह गिरोह के अन्य लोगों के साथ विभिन्न महानगरों में होटल में कमरा किराये पर लेकर अथवा झुग्गी-झोपड़ी बनाकर अस्थायी रूप से निवास करते हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने टारगेट की तलाश करते रहते हैं। वे अक्सर घटना कारित करने के लिये अपनी बोलेरो गाडी बिना नंबर प्लेट से आते है। जिसको नरसिंह चलाकर लाता है। गाड़ी को हम लोग कहीं रोड किनारे खड़ी करके महानगरों के व्यस्त चौराहों एवं तिराहों पर छोटे बच्चों के साथ खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों की रैकी करते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति ऑटो या टेंपो में सवार होता है, गिरोह के सदस्य योजनाबद्ध तरीके से उसी वाहन में बैठने का प्रयास करते हुए पहले से बैठे यात्रियों को हाथ-पांव से धक्का-मुक्की कर असहज एवं भ्रमित कर देते हैं। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य मौके का फायदा उठाकर यात्रियों के पहने हुए सोने-चांदी के आभूषण, पर्स एवं अन्य कीमती सामान को बड़ी सफाई से काटकर चोरी कर लेते हैं।

एक माह पूर्व कृष्णानगर मैट्रो स्टेशन के पास से एक महिला को इसी तरह टप्पेबाजी कर एक अदद चेन व दिनांक 19 व 20 मई को अवध चौराहे से अलग अलग समय में एक अदद चैन व एक अदद मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी किये थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपना ठिकाना बदलते रहते हैं। आरोपितों के खिलाफ लखनऊ के अलावा कानपुर नगर, कुशीनगर जिलों के थानों में मुकदमें दर्ज है। इनके पास से पुलिस को चोरी में प्रयुक्त करने वाली कार, जेवर, और 12 हजार रुपये नगद समेत अन्य चीजें बरामद हुई थी। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक