home page

शादी का झांसा देकर युवती से दुराचार करने वाला वांछित आरोपित इमरान गिरफ्तार

 | 
शादी का झांसा देकर युवती से दुराचार करने वाला वांछित आरोपित इमरान गिरफ्तार


लखीमपुर खीरी, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गोला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुराचार करने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित एक आरोपित को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोहम्मदी रोड स्थित सिकन्द्राबाद तिराहे से घेराबंदी कर आरोपित इमरान अहमद को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था।

एसपी ने बताया कि गोला कोतवाली पुलिस को दोपहर करीब 12:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि गंभीर धाराओं में वांछित चल रहा आरोपित सिकन्द्राबाद तिराहे के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इमरान अहमद के खिलाफ एक महिला की तहरीर दी थी, जिसमें बताया था कि उनकी भतीजी को शादी का झूठा झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपित अपने वादे से मुकर गया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। यही नहीं, उसने पीड़िता को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर गत 13 मई 2026 को गोला थाने में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 352, 115(2), 351(3) और 191(2) के तहत गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपित लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। उसे आज गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश करने और आगे की विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव