दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपित गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 04 सितंबर (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर गुरुग्राम से घर लौट रही दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत रहने वाली एक 23 वर्षीय युवती गुरुग्राम में रहकर नौकरी करती थी। वह रक्षाबंधन के पर्व पर गुरुग्राम से घर आ रही थी। 26 अगस्त की रात्रि युवती ने परिजनों को अभियुक्त राहुल पुत्र सीताराम निवासी विजेन्द्र कॉलोनी थाना शिकोहाबाद के साथ होने की जानकारी फोन पर दी थी। जिसके बाद अगले दिन 27 अगस्त को युवती की मौत की जानकारी परिजनों को हुई तो वह हैरान रह गए। मृतका के पिता ने पुत्री की मृत्यु की सूचना मिलने पर हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए अभियुक्त राहुल व अन्य के विरुद्ध थाना शिकोहाबाद पर तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त नितिन उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि उसका साथी अभियुक्त फरार था। जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी।
थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को वांछित अभियुक्त अभिषेक पुत्र प्रमोद कुमार निवासी सलेमपुर करखा थाना नगला खंगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

