home page

फिरोजाबाद में फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले अन्तर्राज्य गिरोह का पर्दाफाश, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
फिरोजाबाद में फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले अन्तर्राज्य गिरोह का पर्दाफाश, तीन अभियुक्त गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद की साइबर क्राइम सेल व थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने गुरुवार को फर्जी लोन के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अन्तर्राज्य गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त फेसबुक पर धनी फाइनेन्स के नाम से एड चलाकर ठगी करते थे।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में साइबर क्राइम एवं ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने व साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम सेल मनोज यादव व थाना साइबर क्राइम शिव कुमार चौहान ने गुरुवार को पुलिस टीम के साथ थाना साइबर अपराध पर दर्ज मुकदमे में 03 अभियुक्तों अवधेश कुमार पुत्र राम निवासी निवासी ग्राम पुरा जनपद हाथरस व हाल निवासी बिल्टीगढ़, थाना मक्खनपुर, सनीवेश अवस्थी पुत्र पुण्डरीक अवस्थी निवासी गली नं0 08 महावीर नगर थाना दक्षिण व कुनाल उपाध्याय पुत्र गौरव उपाध्याय निवासी डॉ0 बीना जैन के क्लिनिक के पीछे, जनपद फिरोजाबाद को विजयपुरा तिराहा से गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और जाली खातों की पासबुक व अन्य सामग्री बरामद हुई है।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तगण अवैध रूप से फेसबुक एड के द्वारा धनी फाइनेन्स के नाम पर लोन देने का झांसा देकर आम जनमानस से साइबर धोखाधड़ी कर रहे थे। यह लोगों को 5 लाख तक का लोन स्वीकृत होने का झांसा देते थे। प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर धनराशि विभिन्न बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम कार्ड के माध्यम से नकद निकासी कर आपस में बांट लेते थे।

------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़