घर में सो रही बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार का प्रयास, विरोध करने पर मारपीट कर दांत तोड़ा
नोएडा, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा के खंडेरा गांव के एक घर में सो रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ पड़ोसी ने बलात्कार करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपित ने महिला के साथ मारपीट कर उसका दांत तोड़ दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना जारचा के प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि खंडेरा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने शुक्रवार की रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 75 वर्षी मां उनके भाई के पास रहती हैं। पीड़ित के अनुसार उनका भाई और उसकी पत्नी घर से बाहर किसी काम से गए हुए थे। उनकी मां घर पर सो रही थी। रात में करीब एक बजे उनके पड़ोस में रहने वाला गजे सिंह पुत्र रंजीत सिंह उनकी मां को घर पर अकेला पाकर दीवार कूदकर घर के अंदर घुस आया। चारपाई पर सो रही उनकी मां का मुंह बंद करके उनके साथ छेड़खानी करने लगा। उसने बलात्कार करने की कोशिश की। जब महिला ने विरोध किया तो उसने उनके मुंह पर काट लिया तथा मारा पीटा। पीड़ित की मां का दांत टूट गया। आंख पर चोट आई है। पीड़ित के अनुसार शोर शराबा सुनकर उनके एक अन्य पड़ोसी ने उन्हें सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपित गाली गलौज करते हुए मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

