चोर समझ कर एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या करने वाले छह गिरफ्तार
नोएडा, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में एक व्यक्ति को चोर समझकर उसकी पीट-पीट कर हत्या करने वाले छह आराेपितों को थाना फेस-वन पुलिस ने मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि बीती रात को एक व्यक्ति हरौला गांव में घूम रहा था। वहां पर रहने वाले संतोष, करण आदि ने उससे पूछा कि तुम यहां क्यों घूम रहे हो, तो वह घबरा गया। उन्होंने बताया कि आरोपितों को शक हुआ कि यह चोर है। उन्होने उसे पकड़ कर जमकर पीट दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसके परिचितों ने उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान उसकी आज मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (27) मूल निवासी जनपद हरदोई के रूप में हुई। उन्होंने बताया की मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर इस घटना में शामिल संतोष कुमार मंडल, करण कुमार मंडल, सुरेश मंडल, रौनक मंडल, निखिल उर्फ ब्रावो तथा एक नाबालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

