औरैया : चोरी की 3.5 लाख की सरिया के साथ 12 आरोपित गिरफ्तार
औरैया, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का गुरुवार खुलासा किया है। दिबियापुर थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के मामले में 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में लोहे के सरिये और अन्य सामग्री बरामद हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने ककोर स्थित अपने कार्यालय में बताया कि 1 अप्रैल को अनेका इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड के मनोज कुमार ने थाना दिबियापुर में तहरीर दी। तहरीर में कहा गया कि कोर्ट बिल्डिंग प्रोजेक्ट साइट से निर्माण कार्य में उपयोग होने वाला सरिया चोरी हो गया है। सूचना पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। इस मामले में दिबियापुर थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने बीती देर रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर उमरसाना तिराहा के पास एक खाली प्लॉट में दबिश दी। मौके से लगभग 1:25 बजे 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी की गई करीब 40 कुंतल लोहे के सरिया (लगभग 3.5 लाख रुपये), एक ट्रैक्टर ट्रॉली, दो कारें और अन्य उपकरण बरामद कर लिए गए।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सभी साइट पर मजदूरी करते थे और अधिक पैसे कमाने के लालच में सरिया चोरी कर ट्रॉली में ले जाने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपित हरियाणा और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। इनमें हर्ष उर्फ चुन्नू, अर्जुन सिंह, पुनीत, सागर, अरुण, विशाल, लाखन, कृष्ण सिंह, विड्डू, चरन सिंह, कृष्ण सिंह और लक्की सिंह शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना दिबियापुर में मुकदमा दर्ज किया गया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना दिबियापुर के प्रभारी रुद्र नारायण त्रिपाठी, सर्विलांस सेल के प्रभारी समित चौधरी, स्वाट टीम के प्रभारी कुलदीप कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

