home page

सौ करोड़ की साइबर ठगी के मामले में यूपी के सोनभद्र में एक गिरफ्तार

 | 
सौ करोड़ की साइबर ठगी के मामले में यूपी के सोनभद्र में एक गिरफ्तार


सोनभद्र, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद साेनभद्र में साइबर क्राइम पुलिस थाना एवं स्वाट टीम ने विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह लोग जाब फ्राड, इन्वेस्टमेंट फ्राड, गेमिंग इन्वेस्टमेंट फ्राड व आनलाइन शापिंग फ्राड के नाम पर साइबर धोखाधड़ी करते हैं। जनपद सोनभद्र में लगभग 37 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन व पूरे देश में 100करोड़ से अधिक की लेन देन का यह मामला है। पुरे देश में लगभग 200 शिकायत इस मामले में आ चुकी है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को बताया कि साइबर क्राइम पुलिस थाना द्वारा विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनका उपयोग साइबर ठगी की धनराशि के लेन-देन करने के मामले में अभियुक्त सौरभ सिंह पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी नेवढ़िया, थाना करछना, जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में अपने साथी अनुपम सिंह, निवासी गोरडिहा, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र की पत्नी प्रतीक्षा सिंह के नाम से तीन कम्पनियां लैब मेड मेडीसन लाजिस्टिक्स, ए एस एल लाजिस्टिक्स कम्पनी व कुमार सिंह एलएलसी बनाई गई थी। इन कंपनियों के माध्यम से भारत में लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया जाता था। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक एवं सिम कार्ड प्राप्त कर लिए जाते थे। इनका उपयोग साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के लेनदेन एवं हस्तांतरण में किया जाता था। अभियुक्त द्वारा पूछताछ में बताया गया कि साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खाते विभिन्न व्यक्तियों से धनराशि देकर प्राप्त किए जाते थे। इसके लिए सेविंग खातों के बदले लगभग 10 हजार से 20 हजार रुपये तथा कॉरपोरेट खातों के बदले लगभग 50 हजार से एक लाख रुपये तक भुगतान किया जाता था। प्राप्त खातों को आगे साइबर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को लगभग दाे लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था। इन खातों में निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन शॉपिंग एवं अन्य साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से देशभर के पीड़ितों से प्राप्त धनराशि हस्तांतरित कराई जाती थी। इसके पश्चात उक्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से आगे हस्तांतरित कर नकद निकासी एवं क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित करने के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही कर न्यायालय भेजा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी