home page

पुलिस ने पकड़े 10 साइबर ठग, करोड़ों के लेनदेन का खुलासा

 | 
पुलिस ने पकड़े 10 साइबर ठग, करोड़ों के लेनदेन का खुलासा


फिरोजाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले की थाना रसूलपुर, दक्षिण और लाइनपार पुलिस ने रविवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 10 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इन ठगों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज करीब 37 शिकायतों में 67 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी सामने आई है।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने बताया कि थाना रसूलपुर पुलिस ने साजिद, सोहेल और अल्तमश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और पेपर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से ठगी कर रकम विभिन्न बैंक खातों में मंगवाते थे। तीनों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 12 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 08 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एसबीआई खातों में करीब 11 लाख रुपये होल्ड कराए हैं। जांच में पता चला कि आरोपियों के खातों में कुल 70 लाख रुपये आए थे, जिनमें सोहेल के खाते में 35 लाख, साजिद के खाते में 25 लाख और अल्तमश के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने 3 मोबाइल, 10 पासबुक, 5 चेकबुक, 8 एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और दो सिम बरामद किए हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्य हसन, रमीज और राशिद की तलाश जारी है।

वहीं दक्षिण थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 05 साइबर ठग दबोचे हैं। पहले मामले में अभियुक्त अरबाज खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार डिजिटल अरेस्ट से जुड़ीं दो शिकायतों में करीब 58 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई थी। आरोपी के बैंक खाते में 18 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। पूछताछ में अरबाज ने बताया कि उसने 20 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता उजैर नामक व्यक्ति को उपलब्ध कराया था और निकाली गई पूरी रकम उसे सौंप दी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल, दो बैंक पासबुक, एक एटीएम कार्ड और एक सिम कार्ड बरामद किया है। इस मामले में उजैर की तलाश जारी है।

वहीं दूसरे मामले में थाना दक्षिण पुलिस ने संजय, हेमंत, सूरज और हामिद को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपित इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, पेपर ट्रेडिंग और एपीके लिंक के माध्यम से साइबर ठगी की रकम बैंक खातों में प्राप्त करते थे। इनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 22 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 1 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खातों में करीब 10 लाख रुपये आए थे। इनके कब्जे से 4 मोबाइल फोन और 7 बैंक पासबुक बरामद की गई हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

इसके अलावा थाना लाइनपार पुलिस ने सूरज और पारस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित टेलीग्राम और फेसबुक के माध्यम से महिलाओं को ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर ठगी करते थे। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 3 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 06 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। जांच में पता चला कि इनके अलग-अलग खातों में करीब 03 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने दोनों के पास से 2 मोबाइल फोन, 3 बैंक पासबुक और 2 आधार कार्ड बरामद किए हैं. गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़