पुलिस ने तीन गाेकशाें काे किया गिरफ्तार
सुलतानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के लंभुआ कोतवाली पुलिस ने तीन गोकशों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इससे पहले उनके दो साथी गिरफ्तार किए गये थे।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अखण्ड प्रताप सिंह ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि लंभुआ थाना प्रभारी धीरज कुमार के नेतृत्व में टीम शुक्रवार रात को चौकिया रोड से सरैया गौतमपुर को जाने वाली नहर पट्टी के पास से चेकिंग कर रही थी। इस दौरान तीन गोकशों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान मोहम्मद जावेद, मोहम्मद परवेज और सैद उर्फ सलमान के रूप में हुई है। ये तीनों जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र स्थित सारी जहांगीरपट्टी के निवासी हैं।
एएसपी ने बताया कि इस मामले में अभियुक्त अरबाज और सुभान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस ने जब दोनों को गिरफ्तार किया था तो उनके कब्जे से एक गाय और तीन बछड़ों को मुक्त कराते हुए पिकअप वाहन और अन्य चीजें बरामद की थी। उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि आरोपित अपने सह-अभियुक्तों के साथ मिलकर गोवंश पशुओं का वध कर गोमांस बेच रहे थे। इस संबंध में लंभुआ कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज था। पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

