home page

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गाै-तस्कर घायल, गिरफ्तार

 | 
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गाै-तस्कर घायल, गिरफ्तार


मीरजापुर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बुधवार काे मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है, उसे अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित गो-तस्कर मोटरसाइकिल से नैड़ी कठारी की ओर से गड़बड़ा धाम रोड पर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में उसने अपना नाम गुफरान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस को एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 37,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल आरोपित को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित मूलरूप से यूपी के भदोही जिले में गोपीगंज गांव का रहने वाला है। वर्तमान में बिहार के रोहतास में रह रहा था। वह इलाहाबाद और मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र से कम कीमत पर गोवंश खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था। इसी सिलसिले में वह मीरजापुर आया था, तभी पुलिस ने उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा