जौनपुर में एक लाख का इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर गिरफ्तार
जौनपुर, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक लाख रुपये के इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर, चोर और विभिन्न मामलों में वांछित शातिर अपराधी रविन्द्र वर्मा को शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने रविवार को बताया कि 13 जून को खुटहन थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाख रुपये का इनामी अपराधी रविन्द्र वर्मा ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज, पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास अपने घर जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त रविन्द्र वर्मा पुत्र सभापति वर्मा निवासी मखदूमपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर है। वह खुटहन थाने में दर्ज कई मुकदमों में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार रविन्द्र वर्मा एक कुख्यात और पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ जौनपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों तथा गुजरात राज्य में भी मुकदमे दर्ज हैं। सीसीटीएनएस रिपोर्ट के अनुसार उस पर गौ-तस्करी, चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम और अन्य संगठित अपराधों से जुड़े कुल 85 मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कई जनपदों की टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

