एक साल से फरार गाै तस्कर काे दबोचा, घर से उठाकर पुलिस ने भेजा जेल
मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। गाैवध निवारण और पशु क्रूरता के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे गाैतस्कर को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। ड्रमंडगंज थाना पुलिस ने रविवार सुबह सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष भारत सुमन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वाराणसी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित मच्छरहट्टा से आरोपी कृष्ण केशरी को गिरफ्तार किया। वह वर्ष 2025 में दर्ज गाैवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मुकदमे में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिकअप वाहन का स्वामी है और गाैतस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। मामले में पहले ही वाहन चालक गाैतस्कर अमित जायसवाल उर्फ भोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी फरार था।
थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि काफी समय से पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगी थी। आखिरकार रविवार को मिली सटीक सूचना के आधार पर उसे घर से ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

