दहेज हत्या मामले में दंपति गिरफ्तार, जेल भेजा गया
मीरजापुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में प्रयागराज जनपद के मेजा थाना क्षेत्र निवासी छत्तरलाल निषाद ने 27 फरवरी को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री उषा देवी की दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। तहरीर के आधार पर जिगना थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में जिगना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम भौरूपुर हरगढ़ से आरोपित मनबोध और उसकी पत्नी सहराजी देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

