कोडीन सिरप तस्करी मामले में वांटेड शुभम जायसवाल को अनुभव प्रमाण पत्र बनाकर देने वाला विकास गिरफ्तार
वाराणसी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रोहनिया थाना की पुलिस टीम ने रविवार को कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में वांटेड शुभम जायसवाल को अनुभव प्रमाण पत्र बनाकर देने वाले विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वांटेड शुभम जायसवाल से विकास सिंह का नाम जुड़ने के बाद थाने से एक टीम उसकी तलाश में जुट गई और उसे प्रहलाद घाट के निकट से अपने घेरे में ले लिया।
रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने कहा कि आज गिरफ्तार किये गए अभियुक्त विकास सिंह ने शैली ट्रेडर्स, रांची के मुख्य अभियुक्त वांटेड शुभम जायसवाल को अपनी फर्म श्यामभवी फार्मा में काम करने का दो वर्ष का अनुभव प्रमाणपत्र जारी किया था। विकास यह जानता था कि शुभम जायसवाल उसकी फर्म पर कभी कार्यरत नहीं रहा है। अभियुक्त विकास द्वारा तैयार कूटरचित अनुभव प्रमाणपत्र का प्रयोग कर शुभम जायसवाल द्वारा शैली ट्रेडर्स, रांची का कम्पीटेन्ट पर्सन बनकर फेन्साडिल कफ सिरप की भारी मात्रा में अन्य अभियुक्तगण के साथ मिलकर तस्करी कर धनार्जन किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि
विकास सिंह जो कि कायस्थ टोला, प्रहलाद घाट, थाना आदमपुर का निवासी है। उसे प्रहलाद घाट के निकट कायस्थ टोला से गिरफ्तार किया गया है।
उसके विरुद्ध रोहनियां थाना में मुकदमा पंजीकृत है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

