चाचा की हत्या का आरोपित भतीजा गिरफ्तार
हमीरपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के इंगोहटा गांव में चाचा की हत्या के मामले में रविवार को पुलिस ने आरोपित भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा, मृतक की खून लगी शर्ट और चप्पल बरामद की हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में साक्ष्य छिपाने से संबंधित धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि 16 अगस्त को इंगोहटा गांव निवासी छोटू सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह परिहार अपने चाचा योगेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भूरे सिंह चंदेल के साथ शिवानी ढाबे पर खाना खाने गया था। वहां दोनों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। घर लौटते समय भी विवाद जारी रहा। घर के बरामदे में पहुंचने के बाद छोटू ने वहां रखे डंडे से अपने चाचा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना को दुर्घटना का रूप देने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपित ने शव को खींचकर सीढ़ियों पर रख दिया। इसके बाद हत्या में प्रयुक्त डंडा, मृतक की खून लगी शर्ट और चप्पल को गांव स्थित अपने खेत में ट्यूबवेल के पास झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस टीम ने आरोपित छोटू सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह परिहार को इंगोहटा स्थित उसके खेत में ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक डंडा, मृतक की खून लगी सफेद हाफ शर्ट और एक जोड़ी चप्पल बरामद की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

