home page

पश्चिम बंगाल भेजे जाने वाले 270 तोते वन विभाग ने पकड़े, एक आरोपित तस्कर गिरफ्तार

 | 
पश्चिम बंगाल भेजे जाने वाले 270 तोते वन विभाग ने पकड़े, एक आरोपित तस्कर गिरफ्तार


कुशीनगर, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में वन विभाग और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 270 जीवित तोतों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इन पक्षियों को एक छप्पर में छिपाकर रखा गया था और भोर में इन्हें पश्चिम बंगाल भेजने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपित को टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने पहले भी इसी रास्ते से तोतों की खेप पश्चिम बंगाल भेजने की जानकारी दी है। वन विभाग अब पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटा है।

मस्जिद के पास छप्पर में छिपाकर रखे थे तोते

पडरौना रेंज की टीम मंगलवार की बीती रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान अकबरपुर टोला बड़वा छापर में बड़ी संख्या में तोतों को अवैध रूप से रखे जाने की सूचना मिली। जिला प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह के निर्देश पर कसया, पडरौना और खड्डा रेंज के कर्मचारियों के साथ प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने रात करीब साढ़े 10 बजे अकबरपुर टोला बड़वा छापर में मस्जिद के पास स्थित एक छप्पर पर छापा मारा। यहां बड़ी संख्या में तोते पिंजरों और अन्य साधनों में रखे मिले।

स्थानीय स्तर पर खरीद, बंगाल में ऊंची कीमत पर बिक्री

वन विभाग के अनुसार बरामद तोतों में अलग-अलग प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि इन तोतों को स्थानीय स्तर पर करीब एक से डेढ़ हजार रुपये में खरीदा जाता है और पश्चिम बंगाल में अधिक कीमत पर बेचने के लिए भेजा जाता है। आरोपित ने पहले भी इस मार्ग से तोतों की खेप भेजे जाने की बात स्वीकार की है। इससे वन विभाग को तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

स्वास्थ्य परीक्षण के बाद प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी

संयुक्त टीम ने सभी 270 तोतों को सुरक्षित रेस्क्यू कर पडरौना रेंज के सुपुर्द कर दिया है। वन विभाग की ओर से पक्षियों के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। परीक्षण के बाद नियमानुसार उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में केस

जिला प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के अकबरपुर टोला बड़वा छापर निवासी मुबारक के रूप में हुई है। आरोपित के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक