राजा भैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में एफआईआर दर्ज
भदोही 29 अक्टूबर (हि. स.)। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के संबंध में भदोही जिले के गोपीगंज थाना में शुक्रवार काे शिकायत दर्ज हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, चंद्रशेखर सिंह, निवासी मईहरदो पट्टी, थाना चौरी ने आरोप लगाया है कि 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर राजा भैया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायत में 'raj shooter official', 'raj shooter' और 'm raj shooter' नाम से संचालित अकाउंट का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन अकाउंट के माध्यम से गाली-गलौज और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए राजा भैया को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। हालांकि एफआईआर सोशल मीडिया आईडी पर की हुई, इसमें किसी व्यक्ति के नाम का उल्लेख नहीं है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे पहले भी सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के स्क्रीनशॉट और दो आईडी से जुड़े साक्ष्य पुलिस को सौंपते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। एफआईआर में विवेचना की जिम्मेदारी निरीक्षक शेतांशु शेखर को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में उल्लेखित सोशल मीडिया अकाउंट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल

