home page

चंदौली : एक करोड़ 25 लाख रूपये के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
चंदौली : एक करोड़ 25 लाख रूपये के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार


—कंटेनर के गुप्त बॉक्स में छिपाकर बोकारो से वाराणसी ला रहा था गांजा

-02 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद

चंदौली/वाराणसी, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एएनटीएफ (एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स) यूनिट गाजीपुर और अलीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद 02 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई गई है।

चंदौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गांजा लादकर झारखंड से कटरिया क्षेत्र में लाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कटरिया सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन के ऊपरी हिस्से में बने गुप्त बॉक्स से आठ सफेद प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। बोरियों में 120 बंडलों में कुल 02 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने मौके से झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के काशी झरिया निवासी बजरंग कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (रेडमी), निर्वाचन पहचान पत्र, आधार कार्ड, रिलायंस कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद भी बरामद हुए।

—पूछताछ में सामने आई तस्करी की जानकारी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि बोकारो निवासी मंटू सिंह ने कंटेनर में गांजा लदवाकर उसे रामनगर (वाराणसी के पास) पहुंचाने के लिए दिया था। वहां किसी व्यक्ति को गांजा सौंपने के बाद उसे पैसे लेकर वापस लौटना था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

—कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

संयुक्त टीम में थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक एवं जफरपुर चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रामराज और कांस्टेबल अखिलेश सिंह शामिल रहे। वहीं एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर की टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख और हेड कांस्टेबल संजय सिंह रजावत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी