2.10 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ चंदौली में तस्कर गिरफ्तार, वाराणसी एएनटीएफ ने की कार्रवाई
प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर,नशे के कारोबार पर प्रहार
चंदौली/ वाराणसी, 06 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.10 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन बरामद की है। एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले सक्रिय तस्कर अभिषेक सोनकर को भी गिरफ्तार किया है। प्रदेश सरकार के नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत हुई कार्रवाई से मादक पदार्थो की तस्करी कराने वाले सफेदपोशों और गिरोह में हड़कंप मच गया।
डीजीपी कार्यालय के अनुसार,गिरफ्तार आरोपी वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के झोरिया जगदीशपुर बाबतपुर का निवासी है। एएनटीएफ की टीम ने उसके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में गोधना मोड़ सर्विस रोड से की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने पार्टनर के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करता है। बरामद हेरोइन भी वह अपने पार्टनर के कहने पर किसी व्यक्ति को आपूर्ति करने के लिए चंदौली की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। कार्यालय के अनुसार, पुलिस मामले और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

