home page

चंदौली: अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की गोली मार कर हत्या,आरोपित को क्षेत्रीय लोगों ने पकड़ा

 | 
चंदौली: अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की गोली मार कर हत्या,आरोपित को क्षेत्रीय लोगों ने पकड़ा


—हमलावर को लोगों ने जमकर पीटा,पुलिस कप्तान भी मौके पर पहुंचे

चंदौली,11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अधेड़ महिला मरीज को दूसरे मरीज ने गोली मार कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह हुई वारदात से अस्पताल में अफरा—तफरी मच गई। वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस के साथ पुलिस कप्तान भी मौके पर पहुंच गए। उधर,वारदात के बाद भाग रहे आरोपित को क्षेत्रीय लोगों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार अलीनगर कमलापुर में बसपा के पूर्व एमएलसी शिवबोध राम का जीवक अस्पताल है। बीते पॉच अप्रैल को सासाराम बिहार निवासी लक्ष्मीना देवी (55) की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों के परिजनों के अनुसार आज सुबह एक युवक अस्पताल में भर्ती महिला मरीज के बेड पर पहुंचा और महिला पर फायर झोक दिया। वार्ड में गोलियां चलने की आवाज सुनते ही लोग डर के मारे हटबढ़ गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा तो क्षेत्रीय युवकों ने शोर मचाते हुए उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। चंदौली पुलिस कप्तान आकाश पटेल ने वारदात की जानकारी मीडिया कर्मियों को दी।

बताया कि आरोपी से पूछताछ कर वारदात के सभी पहलुओं की जांच हो रही है। उधर,प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने अस्पताल में वारदात के पूर्व अपना पर्चा भी बनवाया। जिसमें उसने अपना नाम वीरेन्द्र निवासी अंबाला लिखवाया। देखने में वह मानसिक रूप से बीमार लग रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी