प्रभारी सब रजिस्ट्रार के विरूद्ध मामला दर्ज
हमीरपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र में सब रजिस्ट्रार की कार से हुए एक्सीडेंट के मामले में मृतक रामबाबू गुप्ता के पुत्र भागवत प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित चालक सब रजिस्ट्रार सुशील कुमार गुप्ता के विरूद्ध तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
जरिया थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में दस्तावेज की जांच करके सरीला आ रहे प्रभारी सब रजिस्ट्रार सुशील कुमार गुप्ता की सफारी गाड़ी से राठ जलालपुर मार्ग पर रिगवारा गांव के पास ई रिक्शा में टक्कर लग गई थी। हादसे में ई रिक्शा में सवार रिरुआ बुजुर्ग गांव निवासी रामबाबू गुप्ता (55) की मौत हो गई थी। ई रिक्शा चालक अजीत व नीरज निवासी टोला थाना राठ को मामूली खरोंच आई हैं। इस घटना में मृतक रामबाबू गुप्ता के पुत्र भागवत प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित चालक सब रजिस्ट्रार सुशील कुमार गुप्ता के विरूद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इसकी जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि मृतक के पुत्र भागवत प्रसाद की तहरीर पर आरोपित प्रभारी सब रजिस्ट्रार सुशील कुमार गुप्ता के विरूद्ध तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज किया है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

