चोरी की बोलेरो की छत में बना रखा था ‘गांजे का तहखाना’, 40 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद
मीरजापुर, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन समेत आगामी त्योहारों को लेकर चल रही वाहन चेकिंग के दौरान जिगना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया। गुरुवार को गोसीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध बोलेरो की तलाशी ली गई तो उसकी छत में बने गुप्त बॉक्स से 40.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर बोलेरो भी कब्जे में ले ली। बरामद गांजे और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वाहन मीरजापुर से प्रयागराज की ओर जा रहा था। संदेह होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। बोलेरो की छत में विशेष रूप से बनाए गए बॉक्स में 20 बंडलों में गांजा छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा सीट से ओडिशा नंबर की एक नंबर प्लेट भी मिली।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों की पहचान बिहार के बक्सर जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना निवासी अंजनी लाल श्रीवास्तव और मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी रविंद्र पांडेय के रूप में हुई। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि गांजा छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर से लेकर प्रयागराज के मांडा पहुंचाया जाना था।
जांच में बोलेरो के नंबर और इंजन-चेसिस विवरण में भी गड़बड़ी मिली। वाहन का वास्तविक नंबर UP44AM3221 निकला, जो अप्रैल 2025 में अमेठी के पीपरपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ जिगना थाने में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह और एसओजी/सर्विलांस प्रभारी राजीव कुमार सिंह की टीम ने की।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

