home page

सड़क किनारे खंती में जला मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

 | 
सड़क किनारे खंती में जला मिला युवक का शव, हत्या की आशंका


उरई, 25 मार्च (हि.स.)। कैलिया थाना क्षेत्र के ब्यौना रोड पर एक सड़क किनारे खंती में बुधवार काे 30 वर्षीय युवक का जला शव मिला। पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या के बाद आरोपिताें ने शव को जलाकर यहां लाकर फेंका है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस टीम शिनाख्त का प्रयास कर रही है।

ब्यौना रोड पर स्थानीय लोगों को सड़क किनारे एक खंती से तेज दुर्गंध आने की शिकायत मिली। आसपास के लोगों ने जब झांक कर देखा तो एक युवक का अधजला शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। मौके पर नागरिकों की भीड़ जुट गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव को जलाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह पूरी तरह से नहीं जल पाया था। शव के शरीर पर कई जगह जलने के गंभीर निशान हैं। बॉडी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात करीब 24 से 48 घंटे पहले की हो सकती है। प्रथम दृष्टया पुलिस को यह मामला हत्या का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद या पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर दी गई, जिसके बाद आरोपिताें ने सबूत मिटाने के लिए शव को सड़क किनारे सुनसान जगह पर लाकर जलाने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कोंच के सीओ परमेश्वर प्रसाद भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटवाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ ही ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी।

सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि थाना कैलिया क्षेत्र के अंतर्गत ब्यौना रोड पर एक अज्ञात युवक का शव मिला है। शव को जलाया गया है। पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा