home page

मकान में सेंध लगाकर नकदी व आभूषण चोरी, पुलिस जांच में जुटी

 | 
मकान में सेंध लगाकर नकदी व आभूषण चोरी, पुलिस जांच में जुटी


मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के मुड़पेली गांव में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर नकदी, आभूषण और बच्चों के कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मुड़पेली गांव निवासी विजय लक्ष्मी, पत्नी राधेश्याम गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार तड़के करीब चार बजे उनकी नींद खुली तो घर के पीछे की दीवार में सेंध लगी मिली। चोरों ने पहले कच्ची दीवार से प्रवेश का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर दूसरी ओर ईंट की कच्ची दीवार में सेंध लगाकर घर में घुस गए। पीड़िता के अनुसार, चोर घर में रखे बाक्स से दो जोड़ी चांदी की पायल, लॉकेट, अंगूठी, मीना तथा 35 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा बैग में रखे बच्चों के कपड़े भी उठा ले गए। वारदात के बाद चोर घर से लगभग 200 मीटर दूर बाक्स और बैग ले गए, जहां सामान निकालने के बाद उन्हें फेंककर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पीड़िता ने हलिया थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और चोरों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा