उप्र के बुलंदशहर में जन्मदिन पार्टी में भाजपा सभासद के दो भाई और भतीजे की गोली मारकर हत्या
लखनऊ , 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा शहर में शनिवार की देर रात जन्मदिन की पार्टी में मामूली विवाद में एक गुट ने भाजपा सभासद के दो भाइयों और भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की खबर मिलते ही डीआईजी कलानिधि नैथानी समेत सभी बडे़ अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और जांच पड़ताल की। मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने दाे आराेपिताें काे गिरफ्तार करते हुए दाे अन्य लाेगाें काे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अंतरिक्ष जैन ने रविवार काे बताया कि खुर्जा थानाक्षेत्र के सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में गुुरुवार की रात जन्मदिन पार्टी चल रही थी। पार्टी में भाजपा सभासद संजय सैनी का सगा भाई मनीष (32) अपने भतीजे आकाश सैनी और चचेरा भाई अमरदीप शामिल थे। रात लगभग 11 बजे पार्टी के दाैरान जीतू सैनी और अमरदीप के बीच विवाद हो गया। विवाद में अमरदीप के गाली गलौज करने से जीतू सैनी नाराज होकर पार्टी से बाहर चला गया। करीब एक घंटे बाद जीतू अपने भाई की लाइसेंसी पिस्टल लेकर साथियों संग फिर जिम पहुंचा और अमरदीप को खोजने लगा। एक जगह मनीष, अमरदीप और आकाश बैठे हुए मिल गये ताे जीतू ने उन पर फायरिंग शुरु कर दी। सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आरोपित ने अमर दीप, मनीष और आकाश सैनी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अफरा-तफरी के बीच आरोपित युवक जिम में लगे सीसीटीवी का डीवीआर लेकर भाग गये।
तीन हत्याएं होने की खबर मिलते ही फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रात में ही डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की सारी जानकारी ली। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि अभी तक जांच में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुआ विवाद सामने आया है। इसमें पिस्टल से तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
दाे आराेपिताें काे गिरफ्तार कर दाे अन्य लाेगाें काे हिरासत में ले लिया गया। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही हैं। तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए क्षेत्र में 10 थानों की पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी की दाे कंपनियों की तैनात की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

