यूपी के बाराबंकी में हैदरगढ़ पुलिस ने छह शातिर चोर दबोचे
बाराबंकी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपदब बाराबंकी में थाना हैदरगढ़ पुलिस ने भैंस चोरी की योजना बना रहे छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। पकड़े गए आरोपितों से 59 हजार नकद, तमंचा-कारतूस, चाकू, पिकअप व चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद हुआ।
थाना प्रभारी अनिल पांडे ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को रौनी अंडरपास सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर जंग बहादुर सिंह, राहुल नट, फूल कुमार नट, बचई उर्फ नन्दन, पप्पू नट व तकदीर को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, चाकू, 59 हजार रुपये, दो टॉर्च, मोटी रस्सी, त्रिपाल, लकड़ी की फंटी व पिकअप UP 44 AT 6672 मिली।
पूछताछ में पता चला कि गिरोह गांवों में घूमकर भैंस चुराता था। पिकअप में त्रिपाल डालकर भैंस बेच देते थे। इन्होंने बीती रात ग्राम करौदी से तीन भैंस व एक पड़िया तथा फिरोजाबाद, लोनीकटरा से एक भैंस चोरी की थी। दोनों मामलों में केस दर्ज थे। राहुल व बचई पर पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

