रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से घर आ रही युवती का मिला शव, हत्या का आरोप
फिरोजाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के त्योहार से एक दिन पूर्व बृहस्पतिवार को एक युवती का शव शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास मिला है। उसकी संदिग्ध मौत हुई है। वह गुरूग्राम में नौकरी करती थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत रहने वाली एक 23 वर्षीय युवती गुरुग्राम में रहकर नौकरी करती थी। परिजनों के अनुसार रक्षाबंधन पर वह बुधवार को गुरुग्राम से घर आने के लिए निकली थी। शाम को युवती ने अपनी सहेली को फोन किया। इसके बाद वह उससे मिलने के लिए शिकोहाबाद स्थित उसके घर से चली गई। रात में युवती जब घर नहीं लौटी तो स्वजन ने उसकी तलाश की। इधर बृहस्पतिवार को थाना शिकोहाबाद पुलिस को रेलवे स्टेशन के पास एक युवती के बदहवास हालत में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले आई और सूचना परिजनों को दी। मृतका के भाई ने युवती के साथ दुष्कर्म और फिर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक पुलिस ने इस मामले में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी का कहना है कि मृतका के पिता ने नामजद युवक पर युवती की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने दुष्कर्म की घटना से इंकार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

