खेत के गड्ढे में 24 घंटे बाद मिला मासूम का शव
- मंगलवार सुबह घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता
मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में बुधवार शाम उस समय मातम छा गया, जब मंगलवार सुबह से लापता चार वर्षीय मासूम का शव गांव के खेत में पानी से भरे गड्ढे में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी।
सेमरा गांव निवासी शिवकुमार का चार वर्षीय पुत्र आशीक कुमार मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह लापता हो गया। कुछ देर बाद परिजनों ने बच्चे की तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मंगलवार को बच्चे के घर पहुंची और परिजनों से जानकारी लेने के साथ आसपास के क्षेत्र में भी तलाश की, लेकिन मासूम का पता नहीं चल सका। परिजन भी लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। बुधवार शाम ग्रामीणों की नजर खेत में बने गड्ढे में भरे पानी पर पड़ी, जहां बच्चे का शव उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन ने शव की पहचान अपने पुत्र के रूप में की तो चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश की थी। बुधवार को उसका शव पानी से भरे गड्ढे में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

