home page

मीरजापुर : 11 दिन से लापता किशोर का जंगल में पेड़ से लटकता मिला शव

 | 
मीरजापुर : 11 दिन से लापता किशोर का जंगल में पेड़ से लटकता मिला शव


- पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला था 17 वर्षीय लखन, चरवाहे की सूचना पर पहुंची पुलिस

मीरजापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर खुर्द गांव से 11 दिन पहले लापता हुए 17 वर्षीय किशोर का शव सोमवार को डांगरकेरी जंगल में आंवले के पेड़ से लटकता मिला। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

जयकर खुर्द निवासी लखन यादव (17) पुत्र रामनाथ यादव उर्फ नत्थू यादव 11 नवंबर को घर से लापता हो गया था। पिता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, वह शाम करीब तीन बजे डांट से नाराज होकर घर से चला गया था। परिजनों और रिश्तेदारों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 13 नवंबर को लालगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

सोमवार को डांगरकेरी जंगल में भेड़ चराने गए एक चरवाहे ने आंवले के पेड़ से लटकता शव देखा। उसने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशोर की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा