नहर में मिला युवती का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
मथुरा, 06 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र स्थित लालपुर गांव में सोमवार काे एक युवती का शव मिला।ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि मगोर्रा थाना की सौंख चौकी क्षेत्र के गांव लालपुर में पटरी के सहारे जा रही नहर में सोमवार सुबह सवा 10 बजे लोगों को एक युवती का शव दिखाई दिया। शव की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और मृतक की पहचान के लिए आसपास माैजूद लाेगाें से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शव पर चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि हत्या करके शव को नहर में फेंका गया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

