यूपी बोर्ड की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, एक और गिरफ्तार
प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को फर्जी वेबसाइट बनाकर छात्रों और अभिभावकों से ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया। यह जानकारी साइबर अपराध के नोडल प्रभारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तेज बहादुर सप्रू मार्ग निवासी अनन्त सत्यम निगम पुत्र स्वर्गीय चंद्र मोहन निगम है। पुलिस ने उसे आज गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पहले ही 7 अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
--फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट www.upmsp-edu.in तैयार की थी। इस वेबसाइट के जरिए छात्रों और अभिभावकों से अनुचित भुगतान कर ठगी की जाती थी।
इतना ही नहीं, गिरोह देशभर में विभिन्न विश्वविद्यालयों और तकनीकी शिक्षा बोर्डों के फर्जी अंकपत्र, डिग्री, डिप्लोमा और प्रव्रजन प्रमाण पत्र तैयार कर बेचता था। इन दस्तावेजों की डिटेल फर्जी वेबसाइट के डेटाबेस में अपलोड कर दी जाती थी, जिससे ऑनलाइन वेरिफिकेशन में भी वे असली प्रतीत होते थे।
--क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपित के पास से 2 एंड्रॉयड फोन, 1 एप्पल फोन, 1 कीपैड मोबाइल, 5 सिम कार्ड, 88 फर्जी अंकपत्र,डिप्लोमा,प्रमाण पत्र, 14 पासबुक, 21 चेकबुक और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस द्वारा इस गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज बनाकर और कूटरचित वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ठग रहा था। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
--पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

