भाजपा विधायक काे एक हजार गाेली मारने की धमकी मिली, मुकदमा दर्ज
गोण्डा, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले की तरबगंज विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक प्रेम नारायण पांडेय को जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में उनके पुत्र ने थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया है।
विधायक के पुत्र विनोद कुमार पांडेय ने अपनी तहरीर में कहा है कि बेलसर निवासी सुनील ने उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी है। सुनील ने धमकाया है कि वह उसके पिता को एक हजार गोली मारेगा। विनोद ने साक्ष्य के तौर पर बातचीत का एक आडियो पेन ड्राइव में सेव कर पुलिस को सौंपा है। पीड़ित का कहना है कि सुनील कुमार ने उनकी पिता की रेकी के लिए आठ से 10 लड़कों को भी लगाया है। उन्होंने अपने पिता और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। एसओ तरबगंज श्रीधर पाठक ने बताया कि पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

