गोरखपुर में भाजपा नेता की हत्या, भीड़ ने किया सोनौली मार्ग जाम
गोरखपुर, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 14 बरगदवा में भाजपा नेता राजकुमार चौहान की मंगलवार सुबह गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पीड़ित परिवार और समर्थकों ने सोनौली मार्ग जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासा करने के आश्वासन देकर परिवार को शांत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. कौस्तुभ ने बताया कि भाजपा नेता राजकुमार चौहान मंगलवार को जब वे सुबह की सैर पर निकले थे, तो चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान करीब साै मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और फिर से उन पर वार किया।
लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर दोबारा हमला बोल दिया। बदमाशों ने उनके सीने, सिर और हाथ पर वार किए। हमले के बाद हमलावर वहां कुछ समय रुके और जब उन्हें लगा कि भाजपा नेता की मौत हो गई है, तब वे भाग निकले। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही लगभग दाे साै लोग इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर हंगामा करने लगे। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही। इसके बाद कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीजी और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी ने शीघ्र खुलासे के निर्देश अधिकारियों को दिए। एसएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों से लगातार संपर्क में हैं और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सात नामजद आरोपितों को हिरासत में लिया है,बाकी की तलाश जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजकुमार चौहान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी कर रहे थे। उन्हें राज्यसभा सांसद राधा मोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था। परिजन भाजपा नेता की हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जता रहे हैं। -------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

