home page

बिजनौर में मामूली विवाद में दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या

 | 
बिजनौर में मामूली विवाद में दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या


बिजनौर , 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र के कोहरपुर गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मामूली विवाद के चलते हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई। मृतक की पहचान कोहरपुर गांव निवासी 19 वर्षीय बिट्टू पुत्र चरन के रूप में हुई है। बिट्टू अपने एक साथी के साथ गांव की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही सुरेंद्र ने अपने बेटों के साथ मिलकर बिट्टू के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि सुरेंद्र ने चाकू से वार कर बिट्टू की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर सीओ सिटी अभय पांडे, मंडावर थाना अध्यक्ष संजय तोमर, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक बिट्टू अपने माता-पिता के पांच बेटों और एक बेटी में दूसरे नंबर का था। वह गांव में मजदूरी करता था। मृतक के पिता चरन ने बताया कि सुरेंद्र ने अपने बेटों अमित और नीटू के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की है।

चरन ने यह भी आरोप लगाया कि सुरेंद्र ने पहले भी बिट्टू के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आरोपी रसूखदार है और वे गरीब लोग हैं, इसलिए उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। सीओ सिटी अभय पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपिताें को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र