बिजनौर : पत्नी की हत्या कर शव जंगल में छुपाया ,पुलिस ने आरोपित पति को किया गिरफ्तार
बिजनौर, 10 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में वांछित आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पूछताछ में पत्नी की हत्या कर शव जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के कपड़े और अन्य सामान बरामद किया है।
थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि 8 नवंबर 2026 को ग्राम कुतुबपुर गांगड़ी निवासी रेखा देवी पत्नी मनपाल ने थाना चांदपुर में अपनी पुत्री राखी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर राखी के पति विकास पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम गंभोर, थाना हीमपुर दीपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित ने 28 सितंबर 2026 को ग्राम बनवापुर के पास जंगल में अपनी पत्नी राखी की हत्या कर शव छिपाने की बात कबूल की।
आरोपित ने बताया कि वह अपनी पत्नी और पुत्री के साथ किराये के मकान में रहता था। उसकी पत्नी राखी की पहचान एक युवक से हो गई थी, जिसके कारण वह उससे नाराज रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। आरोपित के अनुसार, पत्नी द्वारा विरोध करने और कथित तौर पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने से परेशान होकर उसने उसकी हत्या की योजना बनाई।
आरोपित ने बताया कि 28 सितंबर को वह राखी को मिलने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद ई-रिक्शा एवं ऑटो से ग्राम बनवापुर के पास नहर की पटरी स्थित जंगल में पहुंचा। वहां उसने शराब पी और राखी को भी जबरन शराब पिलाई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद होने पर उसने चाकू से राखी का गला रेतकर हत्या कर दी। शव को जंगल में छिपाकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक चाकू, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी गुलाबी फ्रॉक, अंतर्वस्त्र तथा सफेद धातु की एक पायल बरामद की है। थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम पर भेज दिया गया है जिसकी रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी |
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

