home page

भांजे के प्रेम में पागल पत्नी ने तकिये से मुंह दबाकर पति को मौत की नींद सुलाया, 5 साल के बेटे ने खोला राज

 | 
भांजे के प्रेम में पागल पत्नी ने तकिये से मुंह दबाकर पति को मौत की नींद सुलाया, 5 साल के बेटे ने खोला राज


बिजनौर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर के चांदपुर थाना क्षेत्र बीती रात पति के भांजे से प्यार करने वाली पत्नी ने प्रेम संबंधों का विरोध करने पर पति की हत्या कर दी। पत्नी ने सोते समय पहले पति के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर अधमरा कर तकिए से मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब 5 साल के बेटे ने पुलिस के सामने अपनी मां की करतूत बता दी। शव के सिर और पैरों पर चोट के निशान मिले। पत्नी से पूछताछ की गई तो वह बार-बार बेहोश होने का नाटक करने लगी।

यह वारदात बिजनाैर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर चांदपुर थानाक्षेत्र के नाइपुरा उर्फ जूझारपुरा गांव की है। पुलिस ने आरोपित पत्नी को हिरासत में ले लिया है। गांव के पूर्व प्रधान के मुताबिक महिला का अपने पति के सगे भांजे से प्रेम संबंध था। दोनों चोरी-छिपे फोन पर बात करते थे और कई बार नहर किनारे भी मिलते देखे गए थे। पति इसका विरोध करता था, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था। बुधवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई थी। नाइपुरा उर्फ जूझारपुरा गांव निवासी कुमरसेन (26) की शादी करीब सात साल पहले कमेंद्री (25) से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं -5 वर्षीय बेटा हिमांशु और 3 वर्षीय बेटी सुनैना। बुधवार सुबह करीब 8 बजे पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। शाम करीब 4:30 बजे कमेंट्री ब्लॉक से पैसे निकालने की बात कहकर घर से निकली। करीब आधे घंटे बाद पत्नी कुमरसेन के चाचा खड़ग सिंह के घर पहुंची और बताया कि उसके पति की तबीयत खराब है और वह कुछ बोल नहीं रहे हैं। चाचा जब घर पहुंचे तो कुमरसेन का शव चारपाई पर पड़ा मिला। परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य मौत समझा और पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में पड़ोसियों की सूचना पर रात करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो सिर और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिले। खून सूख जाने से पैर काले पड़ चुके थे। पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पूछताछ के दौरान कमेंद्री बार-बार बेहोश होने का नाटक करती रही। रात करीब 10 बजे सीओ देश दीपक सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटे हिमांशु से बातचीत की तो उसने बताया कि उसकी मां ने ही उसके पिता को मारा है और उनके मुंह पर तकिया रखा था। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र