शेरकोट पुलिस ने बाइक चोरी के मामले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
बिजनौर , 14 नवम्बर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के शेरकोट थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई प्लैटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम हरेवली निवासी मदन सिंह ने 13 नवंबर 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 10 नवंबर को उनके बेटे विशाल कुमार की मोटरसाइकिल खेत के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
शनिवार, 14 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुखविंदर उर्फ सुख्खा पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी ग्राम मदपुरी, थाना शेरकोट तथा गुरजीत सिंह पुत्र मेहर सिंह निवासी ग्राम वाहड़वाला उर्फ सहारावाला, थाना बढ़ापुर को गिरफ्तार कर लिया।
शेरकोट थाना प्रभारी रामप्रताप सिंह के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट तोड़कर रास्ते में फेंक दी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

