बिजनौर में यातायात पुलिस का पटाखा गैंग पर सख्त एक्शन , साइलेंसरों को बुलडोजर से कुचला
बिजनौर , 03 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में गुरुवार काे यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलेट और बाइकों में अवैध साइलेंसर लगाकर सड़कों पर पटाखे छोड़ने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पकड़े गए दर्जनों अवैध साइलेंसरों को बुलडोजर के नीचे कुचलकर चकनाचूर कर दिया।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी रवि नैन ने किया। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से शहर में शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक अपनी बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों में कंपनी के साइलेंसर को हटाकर अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रहे हैं, जो चलते समय तेज पटाखों जैसी आवाज निकालते हैं। इससे आम जनता, बुजुर्गों, मरीजों और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी होती है और कई बार हादसे का भी खतरा बना रहता है।
यातायात प्रभारी ने बताया बुलेट एजेंसी और मैकेनिकों को भी चेतावनी दी गई है कि वे इस तरह के अवैध साइलेंसर न बेचें और न लगाएं। ऐसा करने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बिजनौर पुलिस की इस बुलडोजर कार्रवाई के बाद उन युवकों में हड़कंप मचा हुआ है जो अपनी बाइक में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर स्टंट और पटाखेबाजी करते थे। ----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

