home page

पुलिस कर्मी को टक्कर मार कर भागने वाले तीन लकड़ी तस्कर गिरफ्तार

 | 
पुलिस कर्मी को टक्कर मार कर भागने वाले तीन लकड़ी तस्कर गिरफ्तार


पुलिस की टीमें गिरोह के अन्य फरार आरोपितों की तलाश में दबिश

बिजनौर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नजीबाबाद थाना पुलिस ने लकड़ी चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपितों को रविवार गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह को पकड़ने के प्रयास के दौरान आरोपितों ने एक वन उपनिरीक्षक को पिकअप और होंडा सिटी कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया था और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से करीब 45 हजार रुपये कीमत की लकड़ी और घटना में इस्तेमाल कार बरामद की है। गिरोह के अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बब्बू उर्फ बगड़, सतनाम और इकरार के रूप में हुई है। नजीबाबाद थाने में तैनात सहारनपुर रेंज के वन उपनिरीक्षक की तहरीर के अनुसार, लकड़ी चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने के प्रयास के दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर वाहन से टक्कर मारकर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे।​

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से खैर की लकड़ी के टुकड़े बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होंडा सिटी कार भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे जंगलों में खैर, शीशम और सागौन के पेड़ों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय पेड़ों को काटकर लकड़ी पिकअप में लाद लेते थे। चोरी की लकड़ी को सलीम ठेकेदार और इकरार को बेचने की बात भी सामने आई है।

पुलिस गिरोह के फरार आरोपितों और कथित खरीदारों की तलाश में दबिश दे रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र