बिजनौर : नगीना में चोरों ने घर से लाखों के जेवरात और नगदी चुरायी, साे रहे थे परिजन
बिजनौर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के गांव हरगांव चांदन में चोरों ने बीती रात एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रात के अंधेरे में अंजाम दी गई चोरी की इस वारदात से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी ग्रामीण गौतम राय और सीओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।
गांव हरगांव चांदन निवासी निषाद कुमार शर्मा के घर में चोर बीती रात करीब एक से तीन बजे के बीच दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। चोरों ने घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए । सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। घर में रखे सामान की जांच करने पर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि चोरी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत का आधिकारिक सत्यापन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण और सीओ
चोरी की सूचना पर एसपी ग्रामीण गौतम राय और सीओ राजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घर का निरीक्षण कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। पुलिस ने वारदात के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़ित निषाद कुमार शर्मा ने मामले में थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने मामले का जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

