बिजनौर : हल्दौर में एक ही रात दो अंग्रेजी शराब की दुकानों में चोरी, पुलिस कर रही जांच
बिजनौर, 02 नवम्बर (हि.स.) | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नगर हल्दौर में चोरों ने एक ही रात में दो कंपोजिट शराब की दुकानों को निशाना बनाकर अंदर रखी नकदी और अंग्रेजी शराब चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर दोनों दुकानों के मालिक चोरी हुए सामान और नकदी का आकलन करने में जुटे हैं।
चोरी की दोनों घटनाएं पोखर बाजार और बाल किशनपुर चौराहे से गंज रोड पर स्थित शराब की दुकानों में हुईं। बताया गया कि चोरों ने देर रात दुकानों के शटर तोड़े और अंदर रखी नकदी व अंग्रेजी शराब लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज सत्येंद्र सिंह और सीसीएस पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों दुकानों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि दुकानों के मालिकों की ओर से शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

