वन विभाग के ट्रक को जबरन छुड़ाने के आराेप में दो गिरफ्तार
बिजनौर, 14 सितम्बर (हि.स.)। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने वन विभाग के रेंज कार्यालय में हुड़दंग कर प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी से लदे ट्रक को जबरन छुड़ाने के प्रयास के मामले में दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के. के. विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सचिन गुप्ता निवासी धामपुर और अमरकान्त शर्मा निवासी नहटौर के रूप में हुई है। वनरक्षक मोहित कुमार की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में कार्य सरकार में बाधा डालने, धमकी देने और ट्रक छुड़ाने के प्रयास के आरोप लगाए गए हैं।
विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 303(2) बीएनएस का विलोप कर धारा 310(2) बीएनएस की वृद्धि की गई। पूछताछ में आरोपिताें ने अपने साथियों के साथ रेंज कार्यालय पहुंचकर ट्रक छुड़ाने और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को डराने-धमकाने की बात स्वीकार की। मामले में अन्य आरोपिताें की भूमिका की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

