संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप
बिजनौर, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना नहटौर क्षेत्र में शनिवार को एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धामपुर क्षेत्र के ग्राम भटियाना खुशाहलपुर निवासी हरीराज सिंह ने अपनी पुत्री मोनिका की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले नहटौर क्षेत्र के ग्राम काजीपुरा उर्फ कादीपुरा निवासी अनिल कुमार के साथ की थी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे परिजनों ने मोनिका का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए।
मृतका के पिता हरीराज सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बेटी मोनिका को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि बेटी मोनिका पिछले कुछ समय से अपने मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार को उसका पति अनिल कुमार समझा-बुझाकर वापस ससुराल ले आया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद बेटे के साथ फिर से मारपीट की गई और उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।
बेटी की मौत के बाद उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। वह अपने पीछे एक दो वर्षीय पुत्र (भूरे) और महज सात महीने की दुधमुंही बच्ची (घागरी) को छोड़ गई है।
घटना की सूचना पर सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति अनिल कुमार तथा ससुर करणपाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार विधिक कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

