home page

गौवंश हत्या मामले में पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
गौवंश हत्या मामले में पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार


बिजनौर, 16 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा पुलिस ने गोवंश हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, गाैकशी करने के उपकरण और एक मोटर साइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को ग्राम अकबरपुर तिगरी के जंगल में एक संदिग्ध कार खड़ी होने तथा उसके पास गाैवंशीय पशु का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के दौरान पशु के अवशेष, गाैकशी में प्रयुक्त उपकरण तथा घटना में इस्तेमाल कार बरामद की थी। मामले में थाना हीमपुर दीपा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों शाहिद और मुकर्रम को चिन्हित किया। शुक्रवार देर रात पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने गोवंश हत्या की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि गोवंश को काटने के लिए बांधा गया था तथा घटना में धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शाहिद निवासी राजोपुर बेहड़ा थाना चांदपुर तथा मुकर्रम निवासी राजोपुर बेहड़ा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र