home page

बिजनौर : लूट की झूठी कहानी रचने वाला युवक गिरफ्तार , 40200 रुपये तथा मोबाइल बरामद

 | 
बिजनौर : लूट की झूठी कहानी रचने वाला युवक गिरफ्तार , 40200 रुपये तथा मोबाइल बरामद


बिजनौर,18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले मुकदमे के वादी युवक सुमित कुमार को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरफ्तार सुमित कुमार पुत्र महेश कुमार निवासी ग्राम मंसूरपुर के कब्जे से 40,200 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने बताया 14 सितंबर को सुमित कुमार ने थाना चांदपुर में तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और 1,04,500 रुपये लूट लिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटना के संबंध में कई तथ्य संदिग्ध मिले। विवेचना आगे बढ़ने पर कथित लूट की घटना झूठी पाए जाने पर पुलिस ने मुकदमे के वादी सुमित कुमार से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि उसने कपूर मेडिकल स्टोर के गल्ले से मालिक की अनुमति के बिना रुपये निकाले थे। इसके अलावा मेडिकल फर्मों से प्राप्त कलेक्शन की रकम को भी अपने निजी तथा ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े खातों में जमा किया था।

ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के चलते रची लूट की कहानी

पुलिस के अनुसार आराेपित सुमित कुमार ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के चलते उसने 13 सितंबर को मेडिकल स्टोर स्वामी की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर धनराशि अपने खातों में जमा कर दी। रकम हड़पने की बात छिपाने के लिए उसने अपने साथ लूट की झूठी कहानी तैयार की। घटना को वास्तविक दिखाने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन और कुछ रुपये भी कथित लूट में शामिल होने की बात बताई। बाद में मोबाइल फोन और 40,200 रुपये चकरोड तिराहे पर लगी शिलापट्टिका के पीछे घास-झाड़ियों में छिपा दिए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल और नकदी बरामद कर ली।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने आगे बताया कि पूर्व में दर्ज धारा 309(6) बीएनएस का लोप करते हुए धारा 217/305(ए)/317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त सुमित कुमार पुत्र महेश कुमार, निवासी ग्राम मंसूरपुर, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर के पास से मोबाइल फोन तथा 40, 200 रुपये नकद बरामद किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र