बिजनौर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में 7 आरोपिताें काे किया गिरफ्तार
बिजनौर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की थाना धामपुर पुलिस ने शुक्रवार काे गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध में संलिप्त सात आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ थाना धामपुर में मु.अ.सं. 266/2026, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपिताें में सूफियान पुत्र इलियास, कैफ पुत्र असरफ, मुल्ला उर्फ फुरकान, नौशाद उर्फ शहजाद, अनीस उर्फ अलीस, शहबाज पुत्र सलीम तथा रियाज उर्फ काला शामिल हैं। सभी आरोपी धामपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपिताें का एक संगठित गिरोह है, जो चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था। इनके कृत्यों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें का पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में इतिहास रहा है। सभी आरोपिताें को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

