home page

लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोट भंडारण व कारतूस बनाने के आरोप में दो गिरफ्तार

 | 
लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोट भंडारण व कारतूस बनाने के आरोप में दो गिरफ्तार


बिजनौर, 14 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा पुलिस ने राजस्व विभाग, एफएसएसओ और जनपदीय फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम के साथ ग्राम चौकपुरी स्थित बजरंग फायर वर्क्स पटाखा फैक्ट्री में छापेमारी कर भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, निर्मित सुतली बम वाले पटाखे तथा निर्मित व अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने बताया कि फैक्ट्री में लाइसेंस में निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोटक पदार्थ भंडारित मिला। बरामदगी में 130 किलोग्राम एल्युमीनियम पाउडर, 559 किलोग्राम गंधक, 548 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट और 39 कुंतल 59 किलोग्राम निर्मित सुतली बम वाले पटाखे शामिल हैं। इसके अलावा 315 बोर के 11 भरे हुए कारतूस, 16 खोखा कारतूस, 32 बोर के सात खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।

कारतूस निर्माण में प्रयुक्त पेचकस, कटर, पीतल की पत्ती, लोहे का टुकड़ा सहित अन्य उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। बरामद विस्फोटक पदार्थ और तैयार पटाखों को सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित स्थान पर रखवाकर सील किया गया तथा फील्ड यूनिट ने नमूने सुरक्षित किए। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मौ. यूसुफ पुत्र बुन्दु हसन निवासी पीर शहीद काला, नहटौर तथा गुफरान अहमद अंसारी पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी शादात सहदरी, नहटौर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि वे फैक्ट्री किराये पर लेकर सुतली बम वाले पटाखे और कारतूस बनाने का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, कच्चा माल महाराष्ट्र निवासी अमजद द्वारा उपलब्ध कराया जाता था और तैयार माल भी वही खरीदता था। कारोबार में रिजवान अहमद अंसारी द्वारा पैसा लगाने तथा मुनाफा बांटने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में थाना हीमपुर दीपा पर मु0अ0सं0 117/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, आयुध अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र