नहटौर में अवैध हथियारों के साथ दो युवक गिरफ्तार ,तमंचा- पिस्तौल और बाइक बरामद
बिजनौर, 12 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की नहटौर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से एक तमंचा, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को पुलिस टीम गांगन नदी के पुल से नगीना जाने वाले मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान रोहित पुत्र राकेश सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम मुस्सेपुर, थाना नहटौर के पास से 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, दूसरे युवक शिवम कुमार पुत्र बब्लू सिंह (22 वर्ष), निवासी ग्राम मुस्सेपुर के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल मिली।
पुलिस ने दोनों आरोपिताें के कब्जे से मिली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। इस मामले में नहटौर थाने में मुकदमा संख्या 342/2026 दर्ज करते हुए आरोपिताें के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपिताें का चालान कर दिया गया है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

